स्टोरी(कमल जगाती, नैनीताल):-
ऊत्तराखण्ड में नैनीताल के बाजूंन क्षेत्र में कारों की टक्कर को लेकर पर्यटकों और ग्रामीणों के बीच हंगामा। दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंच आरोप प्रत्यारोप जड़े। पर्यटक की तेज रफ्तार कार का उत्पात, कई पार्क करी गाड़ियां हुई क्षतिग्रस्त। पर्यटकों ने युवकों पर घेरने का आरोप लगाया।
नैनीताल शहर के खुरपाताल से वाटरफॉल होते हुए कालाढूंगी की ओर जाने वाले राजकीय राजमार्ग में यू.पी.नंबर के एक वाहन ने शुक्रवार देरशाम सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया।
स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों ने आरोप लगाया कि कार संख्या यू.पी.23AX3042 अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में बजून में खड़ी 5 गाड़ियों को टक्कर मारकर नैनीताल की तरफ भाग आई। कालाढूंगी से नैनीताल आते समय पर्यटकों के वाहन से कुछ लोगों को चोटें भी आई। इसके बाद, लगभग दो किलोमीटर आगे चारखेत क्षेत्र में उस वाहन को रोककर पुलिस के पास लाया गया और नुकसान की भरपाई की मांग की गई।
वहीं, वाहन में सवार महिलाओं ने दावा किया कि उस क्षेत्र के कुछ युवकों ने उनकी कार का पीछा किया और उनके परिवार के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। महिलाओं के अनुसार, घबराहट में वाहन पीछे लेने और आगे बढ़ाने के दौरान दूसरी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
कुछ लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी बांकी है। पुलिस जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।






