ऊधम सिंह नगर: किच्छा नगर पालिका चुनाव में मतदान के बादमं गलवार को माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब मंडी समिति में बनाए गए स्ट्रांग रूम में विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई।
विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक के साथ मौजूद एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मारा। घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए पहले पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और बाद में विधायक तिलकराज बेहड़ को हिरासत में लिया। दोनों को देर शाम छोड़ दिया गया।
स्ट्रांग रूम में पर्दे लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। शाम करीब चार बजे विधायक तिलकराज बेहड़ कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के साथ मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचे।
मतदान के बाद मतपेटियां स्ट्रांग रूम में रखे जाने के दौरान लगाए जा रहे पर्दों को लेकर विधायक बेहड़ ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि पर्दे लगाए जाने से पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। इसको लेकर विधायक और अधिकारियों के बीच कई बार कहासुनी हुई।
इसी दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विधायक बेहड़ और पूर्व विधायक शुक्ला के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
धक्का-मुक्की के बाद थप्पड़ मारने का आरोप
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। विधायक तिलकराज बेहड़ का आरोप है कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ मौजूद एक युवक ने पहले उन्हें धक्का दिया और फिर थप्पड़ मारा।
घटना के बाद मौके पर हंगामा बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक धरने पर बैठ गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप किया।
पहले राजेश शुक्ला, फिर विधायक बेहड़ हिरासत में
मामला बढ़ता देख पुलिस ने पहले पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को हिरासत में लिया और उन्हें सिडकुल चौकी ले जाया गया। दूसरी ओर विधायक बेहड़ अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे रहे।
इसी दौरान विधायक बेहड़ के बेहोश होने की बात सामने आई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला। होश में आने के बाद पुलिस ने विधायक बेहड़ को भी हिरासत में लेकर किच्छा कोतवाली पहुंचाया। देर शाम दोनों को छोड़ दिया गया।
मतदान के दौरान भी हुई नोकझोंक
किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका के लिए सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ था। मतदान के दौरान बूथों पर मतदाताओं को वोट डालने से रोकने के आरोपों को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और पुलिस अधिकारियों के बीच भी झड़प और नोकझोंक हुई।
हालांकि मतदान प्रक्रिया के बीच स्थिति को संभाल लिया गया।
बेहड़ बोले- मुझे थप्पड़ मारा गया, तहरीर दूंगा
विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि वह अपनी बात रखने के लिए मंडी समिति पहुंचे थे और अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति रख रहे थे। इसी दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समर्थकों के साथ पहुंचे और उनसे कहासुनी होने लगी।
बेहड़ के अनुसार, इसी दौरान उन्हें धक्का दिया गया और थप्पड़ मारा गया। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में पुलिस को तहरीर देंगे।
वहीं, घटनाक्रम के दौरान दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों नेताओं को हिरासत में लिया।


