हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के हरिलोक तिराहे पर कार में टक्कर मारने के बाद भाग रहे एक युवक ने पीछा कर रहे होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बहादराबाद क्षेत्र में एक ढाबे के पास आरोपी ने होमगार्ड की गर्दन पर वार किया।
बचाव के दौरान होमगार्ड ने हाथ आगे कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया। घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके अंगूठे में पांच टांके लगाए गए।
घटना के बाद आरोपी कार छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। कुछ लोगों ने घटना के दौरान आरोपी का वीडियो भी बनाया, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।
पीछे से कार में मारी टक्कर, फिर भागने लगा चालक
पुलिस के अनुसार, बीते रविवार को एक कार हरिद्वार से रुड़की की ओर जा रही थी। इसी दौरान ज्वालापुर के हरिलोक तिराहे पर कार ने दूसरी कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने लगा।
तिराहे पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड संजीव कुमार और कृष्णपाल ने कार का पीछा शुरू कर दिया। मामले की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को भी दी गई।
बहादराबाद में डिवाइडर से टकराई कार
पीछा करते समय बहादराबाद क्षेत्र में हाईवे पर एक ढाबे के पास आरोपी की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले दोनों पहिए फट गए। इसके बाद युवक कार से बाहर निकलकर भागने लगा।
होमगार्ड संजीव कुमार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया।
गर्दन पर वार से बचने में कटा अंगूठा
पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि युवक ने कार से धारदार हथियार निकाला और होमगार्ड संजीव कुमार की गर्दन पर वार कर दिया।अचानक हुए हमले से बचने के लिए संजीव ने अपना हाथ आगे कर दिया। धारदार हथियार लगने से उनके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया।
इसके बाद युवक हथियार लहराते हुए पास के गन्ने के खेत की ओर भाग गया। शोर सुनकर आसपास के राहगीर भी मौके पर जुट गए, लेकिन आरोपी गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गया।
पुलिस ने कार कब्जे में ली, खेत में की कांबिंग
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनके अंगूठे में पांच टांके लगाए।
पुलिस ने मौके से आरोपी की कार कब्जे में ले ली है। आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्र में कांबिंग भी की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार होमगार्ड संजीव कुमार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।


