देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों आरोपियों को शनिवार को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पहले ही सीओ डोईवाला वंदना वर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की थी।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को सृष्टि कंडारी की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर दी थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष उस पर दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना करता था, जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद मामले की विवेचना सीओ डोईवाला को सौंपी गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सृष्टि कंडारी की मां समेत अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान सृष्टि की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने कथित तौर पर घटना से पहले भेजा था।
ये भी पढ़े :
- जॉब ब्रेकिंग : आईआरईएल में निकली 73 पदों पर भर्ती । 2.40 लाख तक मिलेगी सैलरी
- बद्रीनाथ धाम चोरी प्रकरण: चार दिन की रिमांड के बाद आरोपी प्रमोद नौटियाल ने SIT के सामने कबूला जुर्म, जांच जारी
- हादसा (दुःखद)- गंगाजल लेने हरिद्वार आए चार नाबालिग लड़कों की गंगनहर में डूबकर मौत
- RTI खुलासा: वर्षों तक OPD में नहीं देखा एक भी मरीज। ट्रांसफर आदेश भी नहीं माना, CMO ने डॉक्टर को किया एकतरफा रिलीव
सूत्रों के मुताबिक, वीडियो में सृष्टि ने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। पुलिस का कहना है कि यह वीडियो जांच में अहम साक्ष्य के रूप में सामने आया है और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के साथ इसकी भी जांच की जा रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना डोईवाला में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद सास परवीना देवी की भूमिका की भी जांच जारी है। उपलब्ध दस्तावेजों, वीडियो, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सृष्टि कंडारी की मौत का मामला उत्तराखंड में दहेज उत्पीड़न और नवविवाहित महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







