देहरादून: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 6 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग की ओर से 25 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत 3 IAS, 1 PCS और सचिवालय सेवा के 2 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शासन के आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू होगी। तबादला और विभागीय बदलाव में गृह, राजस्व, आवास, नागरिक उड्डयन, कृषि एवं किसान कल्याण, शहरी विकास और समाज कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।
किस अधिकारी को क्या मिली नई जिम्मेदारी?
- IAS अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे (2012 बैच) वर्तमान में अपर सचिव-आयुष एवं आयुष शिक्षा, निर्वाचन, स्टाफ ऑफिसर-मुख्य सचिव और अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शासन ने अब उन्हें अपर सचिव, गृह विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी मौजूदा तैनाती के अन्य पदों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
- IAS डॉ. आनंद श्रीवास्तव (2013 बैच) अब तक अपर सचिव-राजस्व तथा कृषि एवं कृषक कल्याण के पद पर तैनात थे।नए आदेश के तहत उन्हें अपर सचिव, नागरिक उड्डयन और महानिदेशक, कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, उन्हें अपर सचिव, राजस्व विभाग के पद से कार्यमुक्त किया गया है।
- IAS विनोद गिरी गोस्वामी (2017 बैच) वर्तमान में अपर सचिव-शहरी विकास, आवास विभाग, निदेशक-शहरी विकास निदेशालय देहरादून और मुख्य कार्यपालक अधिकारी-भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें अपर सचिव, आवास विभाग के पद से हटा दिया गया है। उनकी बाकी जिम्मेदारियां पहले की तरह बनी रहेंगी।
- PCS अधिकारी सुंदर लाल सेमवाल अपर सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग, समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक-बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम और आयुक्त-दिव्यांगजन, उत्तराखंड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शासन ने उन्हें अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग के पद से कार्यमुक्त किया है। उनकी अन्य जिम्मेदारियां यथावत रहेंगी।
- सचिवालय सेवा के अधिकारी सुनील सिंह अब तक अपर सचिव-राजस्व और गृह विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नए आदेश के तहत उन्हें गृह विभाग की जिम्मेदारी से हटाकर अपर सचिव, आवास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- सचिवालय सेवा की अधिकारी महिमा रैकली वर्तमान में बाध्य प्रतीक्षा में थीं। शासन ने अब उन्हें अपर सचिव, राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है।
तत्काल प्रभाव से लागू होगा प्रशासनिक फेरबदल
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी संबंधित अधिकारी अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों से कार्यमुक्त होकर तत्काल नई तैनाती वाले विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित जानकारी और दस्तावेज कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।



