नई दिल्ली: भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले इंजीनियरिंग छात्रों और युवाओं के लिए शानदार अवसर आया है। भारतीय सेना (Indian Army) ने शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC Tech-68) एंट्री 2026 के तहत पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए 380 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उम्मीदवारों को किसी भी लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा। चयन पूरी तरह शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, मेडिकल टेस्ट और मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण पूरा करने के बाद लेफ्टिनेंट (Lieutenant) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
380 पदों पर होगी भर्ती, जानें आवेदन की अंतिम तिथि
भारतीय सेना की ओर से जारी भर्ती अभियान के तहत पुरुष उम्मीदवारों के लिए 350 पद और महिला उम्मीदवारों के लिए 30 पद निर्धारित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है।
महिला उम्मीदवार 6 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकती हैं, जबकि पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 7 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित समय के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की डिग्री होना अनिवार्य है। सिविल, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल और अन्य मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग शाखाओं के अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं।
इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष (Final Year) में पढ़ रहे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें 1 अप्रैल 2027 तक अपनी डिग्री और सभी आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे।
इसके अलावा महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवारों का अविवाहित (Unmarried) होना अनिवार्य है।
ये जॉब अपडेट भी देंखे :
- जॉब्स ब्रेकिंग : यहां मिलेगी बिना पेपर नौकरी, 30 हजार मिलेगी सैलरी !
- जॉब्स : 10वीं पास और ITI उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका । ₹39 हजार तक मिलेगी सैलरी
- IBPS PO Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में 6715 पदों पर निकली बंपर भर्ती । इस दिन तक करें आवेदन
- HPCL Recruitment 2026: हिंदुस्तान पेट्रोलियम में 116 अधिकारी पदों पर भर्ती। लाखों में मिलेगा सालाना पैकेज
- Indian Navy Recruitment 2026: भारतीय नौसेना में 275 SSC ऑफिसर पदों पर भर्ती, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
आयु सीमा और शारीरिक मानक
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 20 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अप्रैल 2027 के आधार पर की जाएगी। यानी उम्मीदवार का जन्म 1 अप्रैल 2000 से 31 मार्च 2007 के बीच होना चाहिए।
चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग से पहले भारतीय सेना द्वारा निर्धारित शारीरिक मानकों को भी पूरा करना होगा। इसमें 2.4 किलोमीटर दौड़, पुश-अप्स, पुल-अप्स, सिट-अप्स, स्क्वैट्स, लंजेस और स्विमिंग जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
SSC Tech-68 भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। सबसे पहले प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग इंजीनियरिंग शाखा और प्राप्त अंकों के आधार पर होगी।
शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को एसएसबी (Services Selection Board) इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जो अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है। एसएसबी में सफल होने वाले उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण होगा और इसके बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
मेरिट सूची में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), गया (बिहार) में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।
49 सप्ताह की ट्रेनिंग, फिर मिलेगी लेफ्टिनेंट की रैंक
चयनित उम्मीदवारों को 49 सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण अप्रैल 2027 से मार्च 2028 तक चलेगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
कितनी मिलेगी सैलरी?
प्रशिक्षण के दौरान उम्मीदवारों को 56,100 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा। वहीं ट्रेनिंग पूरी होने और लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति के बाद कुल वार्षिक वेतन और भत्तों को मिलाकर लगभग 17 से 18 लाख रुपये प्रति वर्ष तक का पैकेज मिल सकता है।
शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत चयनित अधिकारियों की सेवा अवधि 10 वर्ष होगी, जिसे आवश्यकता और नियमों के अनुसार 14 वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करें। इसके बाद लॉगिन कर व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य आवश्यक जानकारी भरें। सभी जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर निर्धारित प्रारूप में अपलोड करने के बाद आवेदन पत्र जमा करें।
आवेदन सफलतापूर्वक जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें। एसएसबी इंटरव्यू के समय 10वीं, 12वीं, इंजीनियरिंग की सभी सेमेस्टर मार्कशीट, डिग्री और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ ले जाना अनिवार्य होगा।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
अगर आप इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहते हैं, तो Indian Army SSC Tech 68 Recruitment 2026 आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। बिना लिखित परीक्षा सीधे लेफ्टिनेंट बनने का यह मौका युवाओं के लिए करियर के साथ-साथ देश सेवा का भी शानदार अवसर प्रदान करता है।





