लालकुआं, उत्तराखंड। नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात किशोरी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, किशोरी सोशल मीडिया पर रील बनाती थी और मंगलवार रात भी काफी देर तक मोबाइल फोन चला रही थी। इसी बात को लेकर उसके बड़े भाई ने उसे टोका और डांट लगाई थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट रूप से मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है।
कमरे में फंदे से लटका मिला किशोरी का शव
जानकारी के अनुसार, किशोरी लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली थी और कक्षा आठ में पढ़ती थी। मंगलवार देर रात परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिवार के लोग उसे फंदे से उतारकर तुरंत एसटीएच ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल प्रबंधन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी में रखवाया। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील बनाती थी। पुलिस की शुरुआती जांच में मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल को लेकर भाई द्वारा टोके जाने की बात सामने आई है। फिलहाल इस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
किशोरी तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। उसकी मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।






