नैनीताल।कमल जगाती
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर बाधित हो गया है। तड़के सुबह दोगांव के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर गिरने से नैनीताल-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। सड़क से बोल्डर और मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है।
दोगांव के पास पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डर
जानकारी के अनुसार, भूस्खलन प्रभावित दोगांव क्षेत्र में तड़के सुबह अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। इसके साथ बड़े-बड़े स्लेटनुमा पत्थर और भारी मात्रा में मलबा भी हाईवे पर पहुंच गया। अचानक हुए भूस्खलन के कारण सड़क पर आवाजाही ठप हो गई।
हाईवे बंद होने से नैनीताल से हल्द्वानी और हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों का तांता लग गया।
हाईवे का पैराफिट भी हुआ क्षतिग्रस्त
भूस्खलन की चपेट में आने से राष्ट्रीय राजमार्ग का पैराफिट भी क्षतिग्रस्त हो गया है। पहाड़ी से गिरे भारी पत्थरों ने सड़क को नुकसान पहुंचाया, जबकि बड़ी मात्रा में मलबा सड़क के नीचे स्थित नदी और जंगल की ओर भी बह गया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में पहाड़ी का हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर चुका है। ऐसे में दोगांव क्षेत्र लगातार भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील बना हुआ है।
ये भी पढ़े :
- एक्शन : नामी कंपनी के फ्रेंचाइजी रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा । बदबूदार प्याज और एक्सपायरी डेट मिटे मिले उत्पाद
- बड़ी खबर: पूर्व IAS अधिकारी उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग के सदस्य नियुक्त
- बड़ी खबर : इस विधानसभा के जर्जर पुलों के उच्चीकरण और नए पुलों के निर्माण के लिए 1.08 करोड़ स्वीकृत
जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा, प्रशासन मौके पर
घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर पड़े विशाल बोल्डर और मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन की प्राथमिकता जल्द से जल्द मार्ग को यातायात के लिए सुचारू करना है। हालांकि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए राहत एवं सफाई कार्य में सावधानी बरती जा रही है।
फिलहाल प्रशासन यात्रियों से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में सावधानी बरतने और यात्रा के दौरान मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील कर रहा है।


