उत्तरकाशी, 22 जुलाई। नीरज उत्तराखंडी
जनपद में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन होने से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) की बुधवार सुबह 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार राहत की बात यह है कि जनपद में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार जिला मुख्यालय में सर्वाधिक 34 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा भटवाड़ी में 28 मिमी, चिन्यालीसौड़ में 31 मिमी, बड़कोट में 22 मिमी, पुरोला में 19 मिमी, मोरी में 12 मिमी तथा डुंडा में 9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (नगुण-गंगोत्री) पर नेताला और चड़ेथी के पास मलबा आने से मार्ग बाधित हो गया है। संबंधित विभाग की टीमें मार्ग को खोलने में जुटी हैं।
वहीं एनएच-507 पर चामी के पास भी भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध है, जहां जेसीबी और मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य जारी है।
हालांकि एनएच-134 (धरासू-बड़कोट बैंड) पूरी तरह यातायात के लिए खुला है। वहीं बड़कोट बैंड-जानकीचट्टी मार्ग पर पालीगाड़, सिलाईबैंड, हनुमानचट्टी और जंगलचट्टी के पास रात में मार्ग बाधित हुआ था, जिसे विभाग ने समय रहते खोलकर यातायात सुचारू कर दिया।
डीईओसी के अनुसार वर्तमान में मोरी, भटवाड़ी, यमुनोत्री, जानकीचट्टी और हर्षिल क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी है, जबकि जिला मुख्यालय सहित गंगोत्री और अन्य क्षेत्रों में फिलहाल बारिश नहीं हो रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा यात्रा से पहले मार्ग की ताजा जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। संबंधित विभागों की टीमें संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।






