भटवाड़ी/उत्तरकाशी, 1 सितंबर।नीरज उत्तराखंडी
तहसील भटवाड़ी क्षेत्र के पापड़गाड में मंगलवार दोपहर अचानक बाढ़ आने की सूचना से प्रशासन और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को अपराह्न करीब 12:16 बजे तहसील भटवाड़ी क्षेत्रांतर्गत पापड़गाड में बाढ़ आने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना के बाद यूजेवीएनएल मनेरी, जोशियाड़ा और धरासू सहित संबंधित परियोजना एवं विद्युत प्रतिष्ठानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
घटना की सूचना तहसीलदार भटवाड़ी, एसडीआरएफ, पुलिस और संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक को दी गई। प्रशासन की ओर से सभी संबंधित टीमों को क्षेत्र में सतर्क रहने तथा नदी-नालों के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति का जायजा ले रही है।
हालांकि, वर्तमान में पापड़गाड की स्थिति सामान्य बताई गई है और फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ाई है।
बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया है। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों से भी सावधानी बरतने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की गई है। अधिकारियों द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


