हरिद्वार का रेल्वेरोड बनता जा रहा है रेडलाइट एरिया। मुनाफे के चक्कर में आसपास के होटल दे रहे गंदे धंधे को बढ़ावा

हरिद्वार का रेल्वेरोड बनता जा रहा है रेडलाइट एरिया। मुनाफे के चक्कर में आसपास के होटल दे रहे गंदे धंधे को बढ़ावा

रिपोर्ट- कुमार दुष्यंत
हरिद्वार। रेलवे रोड़ के आस-पास का क्षेत्र रेडलाइट एरिया बनता जा रहा है। यहां आस-पास के क्षेत्रों से देह बेचने वाली महिलाएं सुबह आकर ही डेरा जमा लेती हैं। आस-पास के होटल यहां इस काम को बढ़ावा दे रहे हैं। एक वक्त धर्मनगरी में आकर लोग व्यसन त्यागने का संकल्प लिया करते थे। लेकिन आजकल लोग मौजमस्ती के लिए भी हरिद्वार पहुंचने लगे हैं। मौजमस्ती के लिए बढ़ती मांग के कारण देहव्यापार के घिनौने धंधे ने भी धर्मनगरी में पांव पसार लिए हैं।

हरिद्वार का रेलवेरोड़ क्षेत्र इस गंदे धंधे के लिए बदनाम होता जा रहा है। यहां आस-पास के क्षेत्रों से सुबह ही इस घिनौने कारोबार में लिप्त महिलाएं पहुंच जाती हैं। जिन्हें शिवमूर्ति के आस-पास सड़क पर ग्राहकों को तलाश करते हुए देखा जा सकता है। कंधे पर बैग लटकाए यह महिलाएं कई बार ग्राहकों को आकृषित करने के लिए गंदे शब्दों का भी इस्तेमाल करती हैं। कभी-कभी इन महिलाओं के साथ नाबालिग बच्चियों को भी देखा जाता है। आस-पास के होटलों की शह पर क्षेत्र में यह गंदा धंधा फलफूल रहा है।

बताया जा रहा है कि, श्रवणनाथ नगर में स्थित कुछ होटलों का कारोबार इसी धंधे पर टिका है। महज घंटे, दो घंटे में हजार-आठ सौ कमा लेने के चक्कर में ऐसे होटल इस धंधे को बढ़ावा दे रहे हैं। रिक्शा वाले व इस धंधे में लिप्त महिलाएं ग्राहकों को लेकर सीधे इन होटलों में पहुंचते हैं। जहां इन्हें होटलों से भी कमीशन मिलता है। लेकिन इससे यह क्षेत्र बदनाम हो रहा है। साथ ही आस-पास रहने वाले नागरिकों को भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। जिसके बाद आस-पास के नागरिकों ने एसएसपी को शिकायत कर क्षेत्र में होटलों की शह पर पनप रहे इस धंधे पर लगाम लगाने की मांग की है।

तीर्थ नगरी क्षेत्र में तीर्थ की गरिमा के खिलाफ कोई कार्य नहीं होना चाहिए। जानकारी के बाद क्षेत्र में नजर रखी जा रही है। जो भी लोग ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी – पूर्णिमा गर्ग, सीओ, हरिद्वार।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts