एसजीआरआर एजुकेशन मिशन की मेगा शिक्षक भर्ती में उमड़ा युवाओं का सैलाब। 5500 से अधिक अभ्यर्थी ले रहे हिस्सा

देहरादून। श्री गुरु राम राय (SGRR) एजुकेशन मिशन द्वारा आयोजित मेगा शिक्षक भर्ती अभियान में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस चयन प्रक्रिया में भाग लेने देहरादून पहुंचे हैं। चार दिवसीय भर्ती प्रक्रिया 26 मई से शुरू होकर 29 मई 2026 तक एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, तालाब शाखा परिसर में आयोजित की जा रही है।

एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के 100 से अधिक विद्यालयों के लिए आयोजित इस भर्ती अभियान में करीब 5500 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। प्रतिदिन 1300 से अधिक अभ्यर्थी लिखित परीक्षा और साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं।

सुबह से लग रही लंबी कतारें

भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन मंगलवार सुबह से ही विद्यालय परिसर में अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चयन प्रक्रिया देर शाम तक लगातार जारी रही। तालाब शाखा, जो एसजीआरआर पब्लिक स्कूल श्रृंखला का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित संस्थान माना जाता है, इन दिनों प्रतिभाशाली युवाओं के बड़े केंद्र के रूप में नजर आ रहा है।

लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर चयन

मिशन प्रबंधन ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित बताया है। चयन के लिए 80 अंकों की लिखित परीक्षा और 20 अंकों का साक्षात्कार रखा गया है। लिखित परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों की विषय विशेषज्ञता, विश्लेषण क्षमता और प्रस्तुतीकरण कौशल का मूल्यांकन किया जा रहा है।

श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर साक्षात्कार के लिए बुलाया जा रहा है।

परीक्षा के दिन ही रिजल्ट की व्यवस्था

इस भर्ती अभियान की सबसे खास बात यह है कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा के दिन ही मूल्यांकन, इंटरव्यू और परिणाम घोषित करने की व्यवस्था की गई है। इस त्वरित और पारदर्शी प्रक्रिया की अभ्यर्थियों ने सराहना की है।

कई राज्यों से पहुंचे अभ्यर्थी

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों से युवा इस शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और विषय विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं।

पुनर्मूल्यांकन की भी सुविधा

परीक्षा आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। ऐसे मामलों की विशेषज्ञ समिति द्वारा ऑन-कैमरा समीक्षा की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे।

युवाओं को रोजगार देने में अहम भूमिका

एसजीआरआर एजुकेशन मिशन लगातार शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह मेगा शिक्षक भर्ती अभियान हजारों युवाओं के लिए नई उम्मीद और करियर के अवसर लेकर आया है।

 

Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts