श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम,भव्य कार्यक्रम का आयोजन

मटकी फोड़, मनमोहक झांकियों , सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भजन-कीर्तन ने बांधा समां गोविंदाओं ने दही-हांडी फोड़कर बिखेरा उत्साह हजारों छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम गुरुवार को श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों, भजन-कीर्तन और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से […]

  • मटकी फोड़, मनमोहक झांकियों , सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भजन-कीर्तन ने बांधा समां
  • गोविंदाओं ने दही-हांडी फोड़कर बिखेरा उत्साह
  • हजारों छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम गुरुवार को श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों, भजन-कीर्तन और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा विश्वविद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के हेलीपैड ग्राउंड को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया था। आकर्षक सजावट और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सभी छात्र-छात्राओं, फेकल्टी सदस्यों व स्टाफ को श्रीकृृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, कर्तव्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना निरंतर प्रगाढ़ होती रहे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ विपिन चन्द घिल्डियाल, सलाहकार, माननीय प्रेसिडेंट एस जी आर आर यू, श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ लोकेश गंभीर, डॉ सोनिका कंडारी, डॉ मालविका कांडपाल एवम डॉ अरुण कुमार ने सयुंक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया.

विश्वविद्यालय प्रांगण से शुरू हुई श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय हेलीपैड ग्राउंड तक जारी रही। भगवान श्रीकृष्ण की महिमा, उनकी बाल लीलाओं और जीवन दर्शन से जुड़ी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। रंग-बिरंगे और आकर्षक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने मनमोहक झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के गोविंदाओं द्वारा दही-हांडी फोड़ने की रोमांचक प्रस्तुति रही। उत्साह से सराबोर छात्र-छात्राओं ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी। मटकी फूटते ही पूरा हेलीपैड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान छात्रों का जोश और उत्साह देखते ही बनता था।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से जुड़ी मनमोहक झांकियों में बाल गोपाल की नटखट लीलाओं से लेकर भगवान श्रीकृष्ण के माखन चुराने, गोपियों के साथ रासलीला, गोवर्धन पर्वत धारण करने और कंस वध जैसे प्रसंगों का सुंदर और जीवंत प्रदर्शन किया गया। बाल कृष्ण लीला और कंस वध पर प्रस्तुत की गई नृत्य नाटिकाओं ने दर्शकों को भगवान श्रीकृष्ण के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कराए। एक के बाद एक प्रस्तुत की गई आकर्षक नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

श्रीकृष्ण भक्ति से ओतप्रोत भजन और गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने हेलीपैड ग्राउंड को कृष्णमय कर दिया। “अच्युतम केशवम”, “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” और भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान करते अन्य भक्ति गीतों पर उपस्थित छात्र-छात्रा और शिक्षक भी भक्तिभाव में डूबे नजर आए। संगीत की मधुर धुनों, भजनों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा।

आकर्षक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति, मनमोहक वेशभूषा और सुंदर मंचन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के इस भव्य आयोजन का आनंद लिया।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिवार की ओर से लड्डू गोपाल की विशेष पूजा-अर्चना की गई। भगवान श्रीकृष्ण से विश्व में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना की गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी विभागों के संकायाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी और हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Also Read This

4.50 करोड़ की पेयजल योजना पर बड़ा सवाल: वन स्वीकृति नहीं मिली, फिर जंगल तक कैसे पहुंच गए लाखों के पाइप?

कफनौल-रूपनौल योजना की सामग्री महीनों से जंगल में लावारिस, सरकारी सिस्टम की कार्यशैली पर उठे सवाल; युवा संगठन ने आंदोलन की दी चेतावनीनौगांव,...

हादसा: ब्रहमखाल के पास ब्लॉक प्रमुख पुरोला की कार दुर्घटनाग्रस्त, हेली एम्बुलेंस से भेजा दून

ब्रह्मखाल/उत्तरकाशी, 8 सितंबर। नीरज उत्तराखंडी यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ब्रह्मखाल के पास ब्लॉक प्रमुख पुरोला की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts