पुरोला/उत्तरकाशी, 21 जून।नीरज उत्तराखंडी
उत्तराखंड के सीमांत जनपद उत्तरकाशी के मोरी तहसील स्थित चींवा गांव के होनहार युवा सूर्यांश चौहान ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा 2026 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सूर्यांश के चयन की खबर मिलते ही पूरे बंगाण और रवांई क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
सेना में अधिकारी बनने का सपना हुआ साकार
सूर्यांश चौहान का चयन सीडीएस परीक्षा के माध्यम से भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी पद के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। सीमांत क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
शिक्षक माता और बीडीओ पिता के बेटे ने बढ़ाया मान
सूर्यांश चौहान के पिता सुरेश चौहान वर्तमान में पुरोला में खंड विकास अधिकारी (BDO) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता अनु चौहान शिक्षिका हैं।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ब्राइट एंजेल स्कूल, विकासनगर से प्राप्त की। इसके बाद कक्षा नौ से आगे की पढ़ाई गौतम इंटरनेशनल कॉलेज, इंदिरा नगर, देहरादून से पूरी की। शिक्षा के दौरान ही सूर्यांश ने सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय कर लिया था और कठिन परिश्रम के दम पर उसे हासिल कर दिखाया।
जनप्रतिनिधियों ने बताया क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण
सूर्यांश की सफलता पर ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह और विधायक दुर्गेश लाल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों के युवाओं का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सेना में अधिकारी बनना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा कि सूर्यांश चौहान की उपलब्धि अन्य युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।
क्षेत्र में जश्न का माहौल, मिल रहीं शुभकामनाएं
सूर्यांश चौहान के सीडीएस में चयन की सूचना मिलते ही चींवा गांव समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सूर्यांश की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से पहाड़ के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
सम्बंधित खबरें:
- गुड न्यूज: सीएम धामी ने एक क्लिक में 4400 श्रमिकों के खातों में पहुंचाए 11 करोड़। जानिए आपके खाते में पहुंचे या नहीं?
- एक्शन: विदेश भागने की फिराक में था लाखों की ठगी का आरोपी। एयरपोर्ट पर दबोचा गया,जानिए कैसे बिछाया जाल
- बड़ी खबर: नगरासू गुरुद्वारे में विवाद, निहंग सिखों पर कब्जे और मारपीट के आरोप। धारा 163 लागू





