- पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज लोल्टी में अभिभावकों ने जताया भरोसा, दूसरी बार चुने गए पीटीए अध्यक्ष
लोल्टी। रिपोर्ट – गिरीश चंदोला
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज लोल्टी में विद्यालय के विकास और छात्र हितों को लेकर सक्रिय रहने वाले युवा तेजपाल सिंह गुसाईं पर अभिभावकों ने एक बार फिर भरोसा जताया है।
पीटीए अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद आयोजित बैठक में अभिभावकों ने सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा पीटीए संघ का अध्यक्ष चुना।
तेजपाल सिंह गुसाईं का विद्यालय से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्रों की सुविधाओं और विद्यालय के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर वह लगातार आवाज उठाते रहे हैं। यही वजह रही कि कार्यकाल पूरा होने के बाद भी अभिभावकों ने उन्हें एक बार फिर जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया।
पीटीए की बैठक में विद्यालय की विभिन्न समस्याओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेजपाल सिंह गुसाईं ने कहा कि विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वह पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय के जर्जर प्रांगण को दुरुस्त कराने के लिए जल्द ही शासन-प्रशासन से वार्ता की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, बेहतर शिक्षा का माहौल और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता रहेगी। विद्यालय से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
पीटीए बैठक में प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह रावत, शिक्षक रमेश चंद्र जोशी, प्रकाश चंद्र पुरोहित, अभिभावक वीरेंद्र सिंह, शेखर जोशी, प्रताप सिंह गुसाईं सहित शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर उपस्थित लोगों ने तेजपाल सिंह गुसाईं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।


