गजब: न्याय के लिए भटकती महिला के लिए जिलाधिकारी के दरवाजे बंद। हुआ बवाल

न्याय के लिए भटकती महिला के लिए जिलाधिकारी के दरवाजे बंद। महिला ने काटा हंगामा

रिपोर्ट- कमल जगाती
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में न्याय की गुहार लगाने मुख्यालय पहुंची महिला के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के दरवाजे बंद कर दिए गए, जिसके बाद पीड़ित महिला ने जमकर हंगामा काटा। प्रशासन को आनन फानन में पुलिस बुलानी पड़ी और पीड़ित महिला को न्याय का आश्वासन देना पड़ा। बता दें कि, नैनीताल जिले में भवाली के हरसौली गांव से न्याय की गुहार लगाते हुए एक महिला जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। महिला जैसे ही कलेक्ट्रेट पहुंची तो उसके लिए कलेक्ट्रेट के दरवाजे बंद कर दिए गए। महिला ने दुखी और आक्रोशित होकर कलेक्ट्रेट में हंगामा शुरू कर दिया।

मामला इतना बढ़ गया कि, महिला को एडीएम के पास ले जाया गया। इस बीच कलेक्ट्रेट में पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा। महिला ने एडीएम को बताया कि, पहले पति की मौत के बाद उसकी दूसरी शादी अमित सैनी से हुई, जिनकी कुछ समय बाद मृत्यु हो गई। उनके सुरालियों ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया और उन्हें खर्चा भत्ता देना भी बंद कर दिया।

इतना ही नहीं पीड़ित मंजू आर्या सैनी ने आरोप लगाया है कि, मारपीट की शिकायत दर्ज करने के बाद सैनी परिवार के लोगों ने उन्हें और उनके बच्चों को धमकाया। घर में घुसे सैनी परिवार के सदस्यों ने मंजू को तीन लाख रुपये लेकर शिकायत वापस लेने की धमकी भी दी। महिला ने बताया कि, वो 2017 से लगातार नैनीताल के जिलाधिकारियों के पास आकर न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन उसकी कोई सुनने को तैयार नहीं है। अब उसे बेबस होकर ये रूप अख्तियार करना पड़ा है, क्योंकि उसके बच्चे भूखे हैं। एडीएम कैलाश टोलिया ने कहा कि, महिला की शिकायत पर जांच कर कार्यवाही की जाएगी।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts