पुरोला/उत्तरकाशी। 18 सितंबर 2026।नीरज उत्तराखंडी
नगर क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित विद्युत आपूर्ति से परेशान व्यापारियों का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर उतर आया। व्यापार मंडल पुरोला के आह्वान पर व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर मुख्य तिराहे पर सड़क पर बैठकर करीब एक घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के कारण मुख्य तिराहे पर वाहनों की आवाजाही भी करीब एक घंटे तक प्रभावित रही, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आंदोलन की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मुकेश चंद रमोला मौके पर पहुंचे और व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संजय कुमार को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। एसडीएम के हस्तक्षेप और विभागीय आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त किया।
इसके बाद एसडीएम की अध्यक्षता में कार्यालय में व्यापार मंडल और विद्युत विभाग के अधिकारियों के बीच विद्युत समस्या को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर सहमति बनी।
इन बिंदुओं पर बनी सहमति
सप्ताह में दो दिन रहेगा निर्धारित शटडाउन: विद्युत वितरण उपखंड पुरोला के अंतर्गत आरडीएसएस योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों के लिए नगर क्षेत्र पुरोला में शटडाउन का समय निर्धारित किया गया है। अब शुक्रवार और रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कार्य के लिए शटडाउन किया जाएगा।
मैनुअल रसीद से जमा होगा बिजली बिल: कैश काउंटर पर बिल जमा कराते समय ऑनलाइन रसीद प्राप्त नहीं होने की स्थिति में संबंधित कैशियर को मैनुअल रसीद के माध्यम से बिल जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे उपलब्ध रहेगा विभागीय मोबाइल नंबर: विद्युत आपूर्ति से संबंधित जानकारी और शिकायत के लिए विभागीय मोबाइल नंबर 9927106349 सार्वजनिक किया गया है। यह नंबर 24 घंटे उपलब्ध रहेगा।
शॉर्ट सर्किट से हुए नुकसान की भरपाई: विद्युत वितरण खंड बड़कोट के अंतर्गत आरडीएसएस योजना की कार्यदायी संस्था आरसीसी एनकेजी देहरादून द्वारा 9 सितंबर को नगर क्षेत्र में कराए गए कार्यों के बाद शॉर्ट सर्किट के कारण जिन उपभोक्ताओं को नुकसान हुआ है, उनकी भरपाई संबंधित फर्म द्वारा कराए जाने पर भी सहमति बनी।
व्यापार मंडल ने कहा कि बिजली आपूर्ति में सुधार और बैठक में बनी सहमति का पालन होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आगे आंदोलन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ईई विद्युत विभाग संजय कुमार, थानाध्यक्ष दीपक सिंह कठैत, व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र असवाल, सोनू कपूर, टीटू शर्मा, उपेंद्र राणा, सोनू चड्डा, राकेश पंवार, अमीचंद शाह, नीरज बिजल्वाण, प्रकाश कुमार, समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।


