गंगनानी के पास अनियंत्रित होकर नदी में गिरी कार
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। इनोवा कार गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नदी में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल सक्रिय हो गए। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं।
चार लोगों के शव बरामद, दो की तलाश जारी
रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाकर नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए। हादसे में एक व्यक्ति घायल भी मिला, जिसे उपचार के लिए भेजा गया। वहीं, वाहन में सवार दो अन्य लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
नदी में तेज बहाव होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मनेरा से एनडीआरएफ के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
गुजरात के साबरमती क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इनोवा में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे। हालांकि, यात्रियों के नाम, पते और पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस की ओर से यात्रियों की पहचान से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन अलर्ट, हादसे के कारणों की जांच
घटना के बाद आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहा है, ताकि रेस्क्यू के दौरान किसी अन्य व्यक्ति के मिलने पर उसे तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं।






