भीमताल। कमल जगाती
जे. सी. बोस परिसर, कुमाऊँ विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के फाइनल ईयर के छात्र-छात्राएँ विभागाध्यक्ष डॉ. वीना पांडे के निर्देशन में वर्तमान में राष्ट्रीय इम्यूनोलॉजी संस्थान (NIB), नोएडा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह कार्यक्रम 14 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है और कुल 12 दिवसों तक चलेगा।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशाला तकनीकों, अनुसंधान प्रक्रियाओं तथा जैव प्रौद्योगिकी के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना है। विद्यार्थियों को संस्थान के वैज्ञानिकों से संवाद करने, प्रयोगशाला उपकरणों के साथ कार्य करने और अनुसंधान विधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
विभाग की ओर से डॉ. रागिनी पंत भी इस दल के साथ हैं, जो विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं और प्रशिक्षण के दौरान उनकी शैक्षणिक जिज्ञासाओं का समाधान कर रही हैं।
डॉ. वीना पांडे ने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी है, क्योंकि इससे उनकी अनुसंधान क्षमता और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि होती है।


