देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अंतर्गत अनुदेशक संवर्ग भर्ती 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग ने 370 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की प्रवीणता सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 55/उ०अ०से०च०आ०/2024 दिनांक 16 फरवरी 2024 के तहत अनुदेशक संवर्ग के कुल 370 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इसके लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 20 नवंबर 2024 से 14 दिसंबर 2024 तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई थी।
प्रथम चरण में 334 अभ्यर्थियों की सूची जारी
लिखित परीक्षा के बाद जिन अभ्यर्थियों ने आयोग को NCIC (National Craft Instructor Certificate) प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए थे, उनमें से 334 अभ्यर्थियों की श्रेणीवार औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 29 अप्रैल 2026 को जारी की गई थी। इन अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा 5 मई से 7 मई 2026 तक आयोग कार्यालय में कराई गई।
दूसरे चरण में 168 अभ्यर्थियों को मौका
आयोग के अनुसार कई अभ्यर्थियों का चयन एक से अधिक ट्रेडों में होने और कुछ पदों के लिए आवश्यक अनुभव न होने के कारण 370 पदों के मुकाबले पर्याप्त पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके। इसके बाद द्वितीय चरण में न्यूनतम अर्हक अंकों तक 168 अभ्यर्थियों की नई सूची 13 मई 2026 को जारी की गई। इनकी अभिलेख सन्निरीक्षा 18 मई 2026 को संपन्न हुई।
वेबसाइट पर जारी हुई प्रवीणता सूची
दोनों चरणों की अभिलेख सन्निरीक्षा के बाद पात्र पाए गए अभ्यर्थियों की चयन संस्तुति नियोक्ता विभाग को भेजी जा रही है। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रवीणता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
आयोग के सचिव एन.एस. जुगरियाल ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जा रही है।





