बड़ी ख़बर : दुगड्डा रेंज के गोदी गांव में महिला को गुलदार ने बनाया निवाला। ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश

कोटद्वार।वन प्रभाग लैंसडौन के दुगड्डा रेंज के ग्राम गोदी में आज सुबह सुबह गुलदार ने एक 36 वर्षीय महिला को अपना निवाला बना दिया। वहीं ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ काफी आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक आज मंगलवार सुबह महिला अपने बच्चे को दुगड्डा स्थित स्कूल में छोड़ने के बाद घर लौट रही थी। इस बीच रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। प्रखंड दुगड्डा के अंतर्गत ग्राम गोदी बड़ी निवासी रीना देवी (36) पत्नी मनोज चौधरी मंगलवार सुबह गांव से अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने दुगड्डा आई। बताया जा रहा है कि वापसी में गांव के समीप ही रीना देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार उसे घसीटते हुए झाड़ियों के भीतर ले गया। गांव से दुगड्डा की ओर आ रहे कुछ बच्चों ने रास्ते में खून पड़ा देख इसकी जानकारी गांव में दी।

मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटनास्थल से कुछ दूर झाड़ियों में एक शव पड़ा देखा। समीप ही गुलदार भी बैठा हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है व शव को झाड़ियों से बाहर निकाल लिया गया है। आपको बता दें कि बीते वर्ष भी इस गांव में गुलदार ने एक मासूम को निवाला बनाया था। घटना के बाद से परिवार में गमगीन माहौल है। वहीं ग्रामीणों में रोष है। वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने की मांग की जा रही है।

सवाल यह उठता है कि आखिर सरकार और सिस्टम ने पहाड़ में  एक भी ऐसी परिस्थिति रख छोड़ी है कि यहां इंसान चैन सुकून से जिंदगी बसर कर ले.. दो-चार दिन के लिए पहाड़ आकर सेल्फी, रील आदि बनाना अलग बात है, पहाड़ पर रहना सचमुच सरकार और सिस्टम ने “पहाड़” बना डाला है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts