बड़ी खबर : चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत पर मुकदमा दर्ज।

उत्तराखंड आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर आयोग ने कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रघुवीर बिष्ट सहित 11 पदाधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कर दिया है।

चुनाव आयोग आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त हो गया है। प्रदेश में धारा 144 लागू होने के बाद चुनाव आयोग नेताओं पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

विधानसभा चुनाव को लेकर गठित उड़नदस्ता टीम के प्रभारी कमल भारती की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। इस मामले में बृहस्पतिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भी शिकायत दर्ज की गई थी।

बृहस्पतिवार को भाजपा जिला कार्यालय ग्वीलों गोपेश्वर में जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत ने सुझाव पत्र पेटी का शुभारंभ किया।

कांग्रेस का आरोप था कि इस दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया था, जिसके बाद कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली गई। इसे कांग्रेस ने आचार संहिता के तहत लागू धारा 144 के तहत प्रदेश में किसी भी प्रकार की बैठकों, रैलियों और सभाओं पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन बताया था। कांग्रेस की ओर से भाजपा के कार्यक्रम की फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए गए हैं।

शुक्रवार को इस मामले में उड़नदस्ता टीम की तहरीर पर गोपेश्वर थाने में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट सहित 11 पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts