देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। 26 सितंबर 2026, शनिवार को नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
मौसम विभाग, देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी पूर्वानुमान में इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारियों ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
नैनीताल में रेड अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी
नैनीताल जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार 26 सितंबर को जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की संभावना जताई है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नैनीताल जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

पिथौरागढ़ में भी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
पिथौरागढ़ जिले में भी मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन के आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

चंपावत में भी एक दिन का अवकाश
चंपावत जिले में भी 26 सितंबर को सभी राजकीय, परिषद, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बागेश्वर में भी स्कूल बंद रखने के आदेश
बागेश्वर जिले में भी मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की बात भी कही गई है।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग के 25 सितंबर के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की भी स्थिति बन सकती है।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
नोट: अन्य किसी जिले में छुट्टी की सूचना आने पर खबर अपडेट की जाएगी ।


