Uttarakhand News: चारधाम यात्रा-2026 से पहले मानव तस्करी पर सख्ती। पुलिस ने बढ़ा दी सक्रियता 

उत्तरकाशी, 10 अप्रैल 2026।  रिपोर्ट -नीरज उत्तराखंडी आगामी चारधाम यात्रा-2026 को देखते हुए जनपद में सुरक्षा एवं सामाजिक अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में शुक्रवार को विभिन्न विभागों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, […]

उत्तरकाशी, 10 अप्रैल 2026। 
रिपोर्ट -नीरज उत्तराखंडी
आगामी चारधाम यात्रा-2026 को देखते हुए जनपद में सुरक्षा एवं सामाजिक अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में शुक्रवार को विभिन्न विभागों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम और भिक्षावृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक में एसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में मानव तस्करी और बाल शोषण जैसे अपराधों की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

संदिग्धों के सत्यापन पर विशेष जोर

एसपी कमलेश उपाध्याय ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों, होटल-ढाबों, धर्मशालाओं, निर्माण स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर काम करने वाले व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बाल श्रम और भिक्षावृत्ति रोकने के निर्देश

बैठक में बाल श्रम और भिक्षावृत्ति की समस्या को भी गंभीरता से लिया गया। एसपी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बच्चों को इन गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर तुरंत रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

जनजागरूकता पर भी रहेगा फोकस

एसपी ने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज की भागीदारी भी जरूरी है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया, ताकि लोग मानव तस्करी और बाल शोषण जैसे अपराधों के प्रति सजग रहें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत दें।

विभागों के बीच समन्वय को प्राथमिकता

बैठक में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, महिला काउंसलिंग सेल, सीडब्ल्यूसी, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, बाल एवं किशोर न्याय बोर्ड तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी विभागों ने मिलकर एक प्रभावी कार्ययोजना बनाने और ज़मीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी प्रमोद उनियाल, निरीक्षक टीकम सिंह बिष्ट, महिला काउंसलिंग सेल प्रभारी उ0नि0 गीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

चारधाम यात्रा से पहले उत्तरकाशी पुलिस द्वारा उठाए गए ये कदम न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, बल्कि मानव तस्करी और बाल शोषण जैसे गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Also Read This

हाईकोर्ट ब्रेकिंग: देहरादून डीएम का ये आदेश निरस्त। अब दिए ये निर्देश

ब्रेकिंग न्यूज़(कमल जगाती, नैनीताल):-ऊत्तराखण्ड उच्च न्यायालय ने देहरादून के 'पिनैकल रैजीडेंसी' मामले में डी.एम.के फायर एन.ओ.सी.देने के आदेश को किया रद्द, दोबारा सुनवाई के...

हाईकोर्ट ब्रेकिंग: प्रदेशभर में शराब की उप दुकानों पर रोक । पढ़िए बड़ा फैसला

नैनीताल। कमल जगाती उत्तराखंड हाईकोर्ट में उप शराब की दुकानों को लेकर दायर जनहित याचिका पर अहम फैसला सामने आया है। सुनवाई के दौरान सरकार...

Related Posts