नौगांव, उत्तरकाशी। 26 अक्तूबर। नीरज उत्तराखंडी
नौगांव क्षेत्र के कफनौल और देवराना बीट की स्योरी फल पट्टी में भालू की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने संभावित प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और रात्रि गश्त बढ़ा दी है।
वन विभाग के गश्ती दल ने शनिवार रात भालू की आवाजाही वाले संभावित स्थानों पर गश्त की और आबादी से भालू को दूर रखने के लिए पटाखे फोड़े। विभाग की ओर से स्थानीय लोगों को भी पटाखे उपलब्ध कराए गए हैं तथा रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले अपर यमुना वन प्रभाग की मुंगरसैंती रेंज के फनौल गांव में भालू ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में भालू की सक्रियता को लेकर ग्रामीणों में भय और चिंता बनी हुई है।
इसी बीच शुक्रवार रात कफनौल गांव के जाड़िया क्षेत्र में एक गोशाला की छत को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई। वहीं, स्योरी फल पट्टी के बगीचों में भी भालू ने शहद की तलाश में एक गोशाला का दरवाजा तोड़ दिया। लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने दोनों क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
वन क्षेत्राधिकारी विवेक चौहान ने बताया कि दोनों क्षेत्रों की वन विभाग की टीमों को सतर्क कर दिया गया है। कर्मचारियों को रात की गश्त बढ़ाने के साथ भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों से भी रात के समय अकेले बाहर न निकलने और भालू दिखाई देने पर वन विभाग को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।






