मौसम : धामों में बदला मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी से बढ़ी ठंड

यमुनोत्री की ऊंची चोटियों से लेकर केदारनाथ और तुंगनाथ तक हिमपात, यात्रियों को गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग। 12 अक्तूबर। नीरज उत्तराखंडी  उत्तराखंड के चारधाम क्षेत्रों में मौसम ने करवट ले ली है। बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद धामों में ठंड बढ़ गई है। यमुनोत्री धाम में बारिश हो […]

  • यमुनोत्री की ऊंची चोटियों से लेकर केदारनाथ और तुंगनाथ तक हिमपात, यात्रियों को गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह

उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग। 12 अक्तूबर। नीरज उत्तराखंडी 
उत्तराखंड के चारधाम क्षेत्रों में मौसम ने करवट ले ली है। बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद धामों में ठंड बढ़ गई है। यमुनोत्री धाम में बारिश हो रही है, जबकि आसपास की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढकने लगी हैं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यमुना घाटी में दिनभर बादल छाए रहने से ठंड का असर और बढ़ गया है।

यमुनोत्री धाम के रावल राहुल उनियाल के अनुसार, धाम क्षेत्र में बारिश के साथ आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ और गरुड़ गंगा टाप सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। मौसम में आए बदलाव के बाद यमुनोत्री धाम और आसपास के क्षेत्रों में ठंड लगातार बढ़ रही है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

गंगोत्री धाम में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। धाम सहित जिला मुख्यालय उत्तरकाशी और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने तथा तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर निचले इलाकों के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है।

केदारनाथ-तुंगनाथ की चोटियों पर हिमपात

उधर, रुद्रप्रयाग जिले के ऊपरी क्षेत्रों में भी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। केदारनाथ की ऊंची चोटियों के साथ तुंगनाथ क्षेत्र में भी बर्फबारी होने की सूचना है। बारिश और हिमपात के बाद केदारपुरी सहित आसपास के निचले क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है।

केदारनाथ के प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी ने बताया कि केदारनाथ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। इसके चलते केदारपुरी में ठंड बढ़ गई है। उन्होंने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखने और यात्रा के दौरान एहतियात बरतने की अपील की है।

चारधाम यात्रा के अंतिम चरण में मौसम में आए बदलाव के बाद यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम अचानक बदलने की स्थिति में तापमान तेजी से गिर सकता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्थानीय प्रशासन और यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों की सलाह का पालन करने तथा मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

Also Read This

बिग ब्रेकिंग : धामी कैबिनेट के महत्वपूर्ण फैसले

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में...

जौनसारी ST प्रमाणपत्र: निवास बनाम जनजातीय पहचान, आखिर पात्रता की कसौटी क्या?

जौनसारी जनजाति प्रमाणपत्र पर बड़ा संवैधानिक सवाल जौनसार-बावर में निवास पर्याप्त या अधिसूचित जौनसारी समुदाय की सदस्यता जरूरी? 1967 की राष्ट्रपति अधिसूचना से...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts