हरिद्वार, 3 अक्टूबर। हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र की प्रताप कॉलोनी में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस के अनुसार, देर रात हुए विवाद के दौरान गोली लगने से 23 वर्षीय आदित्य उर्फ आदि राणा की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पैसे के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, प्रताप कॉलोनी निवासी लकी उर्फ रोहित और राहुल शर्मा, पुत्र अनिल शर्मा, का भगवानपुर कस्बे के आदित्य उर्फ आदि, पुत्र रविंद्र राणा और उसके दोस्तों के साथ कुछ समय से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया गया कि 1 अक्टूबर की देर रात दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।
पुलिस के मुताबिक, इस दौरान लकी उर्फ रोहित और आदित्य पक्ष के बीच मारपीट हुई।
घर बुलाने के बाद गोली चलाने का आरोप
विवाद के बाद लकी ने अपने भाई राहुल और पिता अनिल शर्मा को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आरोप है कि आदित्य को बातचीत कर मामला सुलझाने के बहाने घर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, घर पहुंचने के बाद आदित्य को गोली मार दी गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
आरोप है कि आदित्य के साथ मौजूद उसके एक अन्य साथी पर भी गोली चलाई गई, लेकिन वह किसी तरह मौके से भाग निकला। इसके बाद उसने आदित्य के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल आदित्य को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की परिस्थितियों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा, आरोपियों की तलाश
भगवानपुर सीओ सुमित पांडे के अनुसार, देर रात दो पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गोली लगने से आदित्य राणा की मौत हो गई।
मृतक के परिजन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने लकी उर्फ रोहित, राहुल शर्मा और अनिल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।


