Dehradun MBBS Admission Scam: फर्जी दस्तावेजों के आधार पर MBBS समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिला दिलाने के मामले में उत्तराखंड पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी 37 वर्षीय धीरज कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, धीरज फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कराने और अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने के एवज में कमीशन के तौर पर रकम लेता था।
फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र से MBBS दाखिले का मामला
मामला फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र बनवाने और उनका इस्तेमाल MBBS दाखिले में करने से जुड़ा है। इस संबंध में 13 सितंबर को थाना रायपुर और क्लेमेनटाउन में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, मामले में इससे पहले रूपेश पंडित और अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। रूपेश पंडित की निशानदेही पर उसके मेरठ स्थित घर से फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने के एवज में लिए गए आठ लाख रुपये भी बरामद किए गए थे।
ये पढ़े : ब्रेकिंग: NEET UG फर्जी सर्टिफिकेट मामले में SIT ने दो आरोपियों को दबोचा; 45 लाख में हुआ था सौदा!
भोपाल में संचालित था MBBS एडमिशन से जुड़ा नेटवर्क
जांच के दौरान SIT को पता चला कि धीरज कुमार श्रीवास्तव भोपाल में MBBS प्रवेश से संबंधित कार्यालय संचालित करने वाले नेटवर्क से जुड़ा था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि धीरज के माध्यम से विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों में MBBS, BTech, BCA, BBA और BCom जैसे पाठ्यक्रमों में कमीशन लेकर प्रवेश दिलाने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार, धीरज श्रीवास्तव रूपेश पंडित के संपर्क में भी था। SIT ने आरोपी के कब्जे से 5.58 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
तीन अभ्यर्थियों के लिए तैयार किए थे फर्जी दस्तावेज
जांच में यह भी सामने आया कि तीन अभ्यर्थियों के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र बनवाने की बात सामने आई है।
SIT अब इस पूरे मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है।


