विकासनगर, 28 अक्तूबर। नीरज उत्तराखंडी
चकराता विधानसभा क्षेत्र के लाखामंडल स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में छात्राओं की बढ़ती संख्या के बावजूद बुनियादी शैक्षणिक सुविधाओं की कमी का मामला सामने आया है। विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने तथा छात्रावास की समुचित व्यवस्था न होने से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप लगाया गया है।
भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित कार्यसमिति सदस्य बचना शर्मा (लाखामंडल) ने मंगलवार को देहरादून में उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्षा से मुलाकात कर विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने आयोग से मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
बचना शर्मा का कहना है कि विद्यालय में हर वर्ष बालिकाओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन इसके अनुरूप शिक्षकों और अन्य आवश्यक सुविधाओं में वृद्धि नहीं की गई है। कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि शिक्षकों की कमी के चलते बालिकाओं का पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने विद्यालय में छात्राओं के लिए पर्याप्त छात्रावास व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने की मांग की। साथ ही विद्यालय के उच्चीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बचना शर्मा ने स्थानीय विधायक पर विद्यालय के उच्चीकरण के मामले में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने आयोग से पूरे मामले की जांच कर संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब करने और छात्राओं के शैक्षणिक हित में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की।
बालिकाओं की शिक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण अब निगाहें अनुसूचित जनजाति आयोग और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।






