मोरी/उत्तरकाशी। 12 नवंबर। नीरज उत्तराखंडी
मोरी ब्लॉक के सिदरी गांव की फपराला बस्ती में मंगलवार देर रात करीब 11:15 बजे एक आवासीय मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और आवासीय भवन के साथ उसमें रखा खाद्यान्न, कपड़े, सोने-चांदी के जेवर और पूरी गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
बताया गया कि मकान स्वामी अनिता पत्नी दिनेश अपने पति के उपचार के लिए रोहड़ गई हुई थीं। घर में उनके तीन बच्चे करिश्मा (19), योगराज (14) और योगेश (12) मौजूद थे। अचानक मकान से आग की लपटें उठने पर बच्चों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग इतनी विकराल थी कि परिवार को अपना आशियाना और जीवनभर की गृहस्थी का सामान देखते ही देखते खोना पड़ा। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और जरूरी सामान की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन ने पहुंचाई तत्काल राहत
घटना की सूचना मिलने पर मोरी तहसील से राजस्व निरीक्षक अनिल असवाल और राजस्व उप निरीक्षक किशन चावला मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार को तत्काल राहत के रूप में 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, दो कंबल और एक तिरपाल उपलब्ध कराया। जिला पंचायत सदस्य रवीना रावत ने भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, कारण की जांच बाकी
आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
ग्रामीणों ने मांगा उचित मुआवजा
ग्रामीणों दर्शन सिंह पंवार, भगत सिंह रावत, बलवीर पंवार और रमेश चौहान ने प्रशासन से अग्निकांड प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आग की घटनाओं से कई परिवारों को पहले भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में शासन-प्रशासन को पीड़ित परिवार के पुनर्वास और अतिरिक्त सहायता के लिए गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।






