एमबी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष को बड़ा झटका, कॉलेज ने किया प्रवेश निरस्त

– एबीवीपी से टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा था नीरज मेहरा।

– विजय जोशी ने नीरज मेहरा के प्रवेश को लेकर हाईकोर्ट में दाखिल की थी याचिका।

सुमित जोशी, हल्द्वानी(नैनीताल)।

कुमाऊ के सबसे बड़े एमबी डिग्री कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष को बड़ा झटका लगा है। उत्तराखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद नीरज के प्रवेश सम्बंधित दस्तावेजों की जांच में उनके द्वारा धोखाधड़ी से प्रवेश लेने का मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने उनका प्रवेश निरस्त करते हुए छात्र संघ अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया है।

पिछले साल हुए छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी से टिकट न मिलने के कारण बागी होकर निर्दलीय मैदान में उतरे प्रत्याशी नीरज मेहरा ने अध्यक्ष पद पर बाजी मारी थी। लेकिन मेहरा के प्रवेश को लेकर सवाल उठाने वाली एबीवीपी की बात को नहीं सुना गया। जिसके बाद नीरज मेहरा के खिलाफ एबीवीपी से चुनाव लड़ने वाले विजय जोशी ने मेहरा के प्रवेश के मामले को लेकर उत्तराखंड हाईकोर्ट की शरण ली। जिसके बाद हाईकोर्ट द्वारा कॉलेज को जारी निर्देश के बाद कॉलेज द्वारा नीरज मेहरा के दस्तावेजों में खामी पाए जाने पर उनको 15 सितम्बर को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में कहा गया कि उनके द्वारा सत्र 2015-16 में प्रवेश के दौरान तथ्यों को छुपाया गया और गैप ईयर के सम्बंध में गलत शपथ पत्र देते हुए प्रवेश में धोखाधड़ी की थी। साथ ही अपने बचाव पक्ष में जवाब दाखिल करने के लिए 15 सितंबर को कॉलेज में प्रस्तुत होने को कहा लेकिन मेहरा ने अपने भाई की तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए आने में असमर्थता जताई। जिस पर बृहस्पतिवार को नोटिस जारी करते हुए कॉलेज प्रशासन ने नीरज मेहरा को अवगत कराते हुए कहा है कि कॉलेज मे उपलब्ध दस्तावेज और शिकायत निवारण प्रकोष्ठ की जांच रिपोर्ट में पाया गया की उनके द्वारा सत्र 2015-16 में धोखाधड़ी से प्रवेश लिया है। मेहरा को जारी नोटिस में बताया गया है कि कुमाऊ विश्वविद्यालय के प्रवेश नियम 1-7(ख) के तहत प्रवेश में धोखाधड़ी करने के कारण उनका प्रवेश निरस्त किया जाता है और प्रवेश निरस्त होने के कारण उनको छात्र संघ अध्यक्ष पद का अधिकार स्वतः निरस्त किया जाता है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts