नगर निगम की दुकानों के आवंटन को लेकर पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर लगाए गए कथित धोखाधड़ी के आरोपों का विवाद अब नया मोड़ ले चुका है।
पूर्व मेयर पर आरोप लगाने वाले विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह ने गामा को दो करोड़ रुपये की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। दोनों शिकायतकर्ताओं ने अपनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए एक-एक करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति मांगी है।
नोटिस में सात दिन के भीतर सार्वजनिक रूप से आरोप वापस लेने, लिखित माफीनामा देने और कथित आपत्तिजनक बयानों को हटाने की मांग की गई है। मांग पूरी नहीं होने पर अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी गई है।
विवाद की शुरुआत नगर निगम की दुकानों के आवंटन के नाम पर लाखों रुपये के कथित लेनदेन से हुई थी। शिकायतकर्ता विजय राज चौहान का आरोप है कि वर्ष 2019 में उन्हें राजपुर रोड और मसूरी रोड क्षेत्र में तीन दुकानें आवंटित कराने का भरोसा दिया गया था। इसके एवज में उन्होंने करीब 45 लाख रुपये दिए, लेकिन दुकानों का आवंटन नहीं हुआ।
वहीं, पूर्व मेयर के निजी सचिव रह चुके सूरज पाल सिंह ने भी शाश्वत उनियाल पर वर्ष 2022-23 में नगर निगम की दुकानें दिलाने के नाम पर करीब 20 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, रकम देने के बावजूद दुकानें नहीं मिलीं और पूरी धनराशि भी वापस नहीं हुई।
इस संदर्भ में जब पर्वतजन रिपोर्टर द्वारा पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनकी मानहानि करने वालों को जल्द नोटिस देंगे।





