पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से जाने के बाद मंच पर हुए हंगामे और कथित तोड़फोड़ के मामले में कांग्रेस विधायक एवं धारचूला के विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विधायक हरीश सिंह धामी के अलावा राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू को नामजद किया गया है। इनके साथ ही अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर नारेबाजी, अभद्र भाषा का प्रयोग, तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई।
सीएम धामी के कार्यक्रम से जाने के बाद भड़के विधायक हरीश धामी
दरअसल, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित किया और इसके बाद मंच से चले गए।
इससे धारचूला के कांग्रेस विधायक एवं मेला समिति के अध्यक्ष हरीश सिंह धामी नाराज हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात नहीं सुनी और न ही उन्हें मंच से जनता को संबोधित करने का अवसर दिया गया। इसी बात को लेकर विधायक और उनके समर्थक मंच पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में किया प्रदर्शन, दी तहरीर
घटना के विरोध में देर शाम भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता जौलजीबी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने विधायक हरीश सिंह धामी और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक हरीश सिंह धामी के साथ राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू और अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। हालांकि, शाम तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, हंगामे के दौरान विधायक और उनके समर्थकों पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने तथा मंच पर तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए गए हैं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की की गई।
शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप भी लगाया गया है। घटना के बाद जौलजीबी मेले का उद्घाटन समारोह राजनीतिक विवाद में बदल गया।
पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज किया मुकदमा
जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले की जांच और विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल ने बताया कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जौलजीबी मेले के मंच से शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक टकराव के साथ कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है।
अब ये देखना दिलचस्प होगा की आगे इस मामले में पुलिस क्या कार्यवाही करती है ।






