मोरी/उत्तरकाशी, 15 नवंबर। नीरज उत्तराखंडी
मोरी विकासखंड के जखोल गांव में रविवार सुबह अपने बगीचे की ओर जा रहे एक युवक पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अभिषेक पुत्र सुबेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार,अभिषेक सुबह अपने बगीचे की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। घायल का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही गोविंद पशु विहार एवं पार्क प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई। टीम द्वारा घायल के उपचार एवं आवश्यक सहायता के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, घायल को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी जारी बताई जा रही है।
घटना के बाद जखोल गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भालू की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।






