त्यूणी, 16 नवंबर। नीरज उत्तराखंडी
जगाधरी-पांवटा-रोहड़ू (जेपीआरआर) राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुख्य बाजार त्यूणी के निकट झरने के पास सोमवार सुबह पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह झरने के समीप अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हुआ और बोल्डर व मलबा सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि जिस समय पहाड़ी दरकी, उस दौरान कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर गिरे बोल्डर व मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया। मलबा हटाए जाने के बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कर दिया गया।
बारिश के बाद बढ़ा भूस्खलन का खतरा
क्षेत्र में पहाड़ी ढलानों से लगातार बोल्डर और मलबा गिरने की घटनाओं ने हाईवे पर सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और नियमित निगरानी की मांग की है।






