जौलीग्रांट मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल कमरे में फंदे से लटका मिला शव

उत्तराखंड के जौलीग्रांट क्षेत्र स्थित एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला, जिससे पूरे यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया।   घटना की जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत […]

उत्तराखंड के जौलीग्रांट क्षेत्र स्थित एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला, जिससे पूरे यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

 

जौलीग्रांट चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह सैनी ने बताया कि मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी और वर्तमान में यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। बीते दिन जब छात्रा काफी समय तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो साथी छात्रों को चिंता हुई। इसके बाद जब कमरे की जांच की गई तो वह पंखे से लटकी हुई मिली।

 

सीओ सदर विवेक कुटियाल के अनुसार, पुलिस ने छात्रावास के कमरे से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच और सहपाठियों से मिली जानकारी के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि किसी अन्य छात्र के साथ हुए विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

 

पुलिस ने मृतक छात्रा के परिजनों को मुजफ्फरनगर सूचना देकर देहरादून बुला लिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की उपस्थिति में ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए छात्रा के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की जा रही है।

 

घटना के बाद से छात्रा के परिवार में शोक की लहर है, वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

 

महत्वपूर्ण सूचना:

आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आपके मन में इस तरह के विचार आ रहे हैं या आप किसी परिचित को लेकर चिंतित हैं, तो इमोशनल सपोर्ट के लिए स्नेहा फाउंडेशन की 24×7 हेल्पलाइन 04424640050 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज की हेल्पलाइन 9152987821 पर भी सोमवार से शनिवार सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक सहायता उपलब्ध है।

Also Read This

Raksha Bandhan 2026: 27 या 28 अगस्त? जानिए कब बांधी जाएगी राखी

Raksha Bandhan 2026 Date: भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन इस साल 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा। पूर्णिमा तिथि...

बड़ी खबर : फिताड़ी में नहीं मोरी में लगेगी 25 लाख की अल्ट्रासाउंड मशीन

जिला योजना की सूची में फिताड़ी का नाम दर्ज होने से हुआ भ्रम, विधायक दुर्गेश लाल ने पत्रकार वार्ता में स्थिति की साफपुरोला,...

Related Posts