रविवार रात दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित वाहन खाई में समाया, चार घायल

उत्तरकाशी जिले में रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। नौगांव–पुरोला मोटर मार्ग पर सौंदाड़ी गांव के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला पहुंचाया गया।

 

जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन देहरादून से मोरी की ओर जा रहा था। नौगांव से करीब 12 किलोमीटर आगे सौंदाड़ी के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया। वाहन में हिमांशु रावत पुत्र मनोज रावत (उम्र 18 वर्ष, निवासी कुनारा), रितिक रावत पुत्र किनाब (उम्र 18 वर्ष, निवासी सालारा), अभिषेक (उम्र 18 वर्ष, निवासी कोट गांव) और चुनू पुत्र प्रताप कुंवर (उम्र 16 वर्ष, निवासी भितरी) सवार थे। हादसे में चारों घायल हो गए।

 

सीएचसी पुरोला में प्राथमिक उपचार के दौरान रितिक और अभिषेक की हालत गंभीर पाई गई। प्रभारी चिकित्सक मनोज असवाल ने बताया कि दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts