नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (UPSC CSE Prelims 2026) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है।
आयोग ने चयनित उम्मीदवारों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है, जिसमें सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर शामिल हैं।
इस वर्ष आयोजित UPSC Civil Services Preliminary Examination 2026 में सफल होने वाले अभ्यर्थी अब मुख्य परीक्षा (Mains Examination) में शामिल हो सकेंगे।
आयोग के अनुसार,कुल 13,343 उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा के लिए अपनी जगह बनाई है।
21 अगस्त से शुरू होगी UPSC Mains 2026
यूपीएससी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 21 अगस्त 2026 से आयोजित की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किए गए उम्मीदवारों को अब विस्तृत आवेदन पत्र (DAF) भरना होगा। DAF जमा करने के बाद ही वे मुख्य परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे।
इस बार UPSC ने प्रारंभिक परीक्षा के बाद पहली बार प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी और उम्मीदवारों से ऑनलाइन आपत्तियां भी आमंत्रित की गई थीं। सभी आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम परिणाम घोषित किया गया है।
लाखों उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। वर्ष 2026 में इस परीक्षा के माध्यम से कुल 933 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग के आंकड़ों के अनुसार करीब 8.19 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जबकि लगभग 5.49 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
अब चयनित उम्मीदवारों के सामने मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की चुनौती होगी, जिसके आधार पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) समेत अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए अंतिम चयन किया जाएगा।
ऐसे चेक करें UPSC Prelims Result 2026
उम्मीदवार अपना परिणाम देखने के लिए UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं। जारी सूची में रोल नंबर सर्च करके यह पता लगाया जा सकता है कि वे मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं या नहीं। रिजल्ट पीडीएफ में सभी सफल उम्मीदवारों के रोल नंबर दिए गए हैं।
अब क्या करें सफल अभ्यर्थी?
प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को जल्द ही DAF (Detailed Application Form) भरना होगा। इसके बाद वे UPSC Mains 2026 में शामिल हो सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए उम्मीदवारों के पास सीमित समय है, इसलिए उन्हें अभी से अपनी रणनीति मजबूत करनी चाहिए।





