नेपाल के बैतड़ी में बारात की बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 गंभीर घायल

पिथौरागढ़ के झूलाघाट से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार 5 फरवरी की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 13 बारातियों की जान चली गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बस बारात को लेकर बैतड़ी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी। इसी दौरान पुरचुंणी क्षेत्र के बड़गांव मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

 

हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अंधेरे और दुर्गम इलाके के बावजूद यात्रियों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

 

जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, हादसे में 6 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा 5 लोगों ने डडेलधुरा अस्पताल में और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का डडेलधुरा अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि कुछ को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।

 

इस दुर्घटना में बस चालक विरेंद्र बुढा, निवासी भीमदत्त नगरपालिका-7 कंचनपुर, को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने घायल चालक को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस जरूरत से ज्यादा सवारियों के कारण ओवरलोड थी। बताया जा रहा है कि अधिक भार के चलते बस चढ़ाई में संतुलन खो बैठी और हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर गया है, वहीं सीमा से सटे इलाकों में सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts