तेजी के बाद झटका सोना, चांदी भी लुढ़की

नई दिल्ली, 28 फरवरी 2026।

शनिवार सुबह सर्राफा बाजार में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में नरमी दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना घटकर 1,61,710 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 1,61,580 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।

 

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले दिल्ली के बाजार में सोने के दाम 1,800 रुपये की उछाल के साथ 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गए थे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने का हाजिर भाव 5,172.17 डॉलर प्रति औंस पर बना हुआ है, जो वैश्विक निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी को दर्शाता है।

 

वैश्विक वित्तीय संस्था JPMorgan Chase ने सोने को लेकर अपना दीर्घकालिक अनुमान बढ़ाते हुए 4,500 डॉलर प्रति औंस कर दिया है। साथ ही वर्ष 2026 के अंत तक 6,300 डॉलर प्रति औंस के अपने पूर्वानुमान को बरकरार रखा है। संस्था का मानना है कि निवेश पोर्टफोलियो में संरचनात्मक विविधीकरण की प्रवृत्ति जारी है, जिससे सोने की कीमतों में आगे और मजबूती की संभावना बनी हुई है।

 

चांदी के भाव में भी गिरावट देखने को मिली। शनिवार सुबह इसकी कीमत 2,84,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इससे पहले दिल्ली के बाजार में चांदी 2,500 रुपये यानी करीब एक प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वैश्विक बाजार में चांदी का स्पॉट प्राइस 89.72 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया।

 

उल्लेखनीय है कि जनवरी माह में चांदी की कीमत 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर चुकी थी, जिसके बाद अब बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है।

 

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय रुझान, डॉलर की चाल और निवेशकों की रणनीति आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts