पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री ने दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने 16 नवंबर को राजपुर थाने में इस संबंध में तहरीर दी। उन्होंने शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा कंगना रनौत का वीडियो पुराना है। इस वीडियो में कंगना राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करती दिखाई दे रही हैं।
आरोप है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों ने इस पुराने वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर भ्रामक कैप्शन, रील और टिप्पणियों के साथ साझा किया। इसके जरिए वीडियो को करवाचौथ और प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए रखे गए व्रत से जोड़कर प्रचारित किया गया।
कंगना की छवि खराब करने और धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया कि वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर सांसद कंगना रनौत की सामाजिक प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही महिलाओं के सम्मान और धार्मिक परंपराओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह की पोस्ट और टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
IT एक्ट और BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 275/26 दर्ज किया है। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66C और 66D के साथ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने इसकी विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी है। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, वीडियो के प्रसार और भ्रामक कैप्शन पोस्ट करने वालों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने वाले अकाउंट संचालकों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






