देहरादून। 16 नवंबर
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय परिसर में भारतीय प्रेस परिषद के निर्धारित विषय ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, समाचारों की विश्वसनीयता और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी पर मंथन हुआ।
जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाओं का प्रसार बेहद तेज हुआ है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी भी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि समाचार को आकर्षक बनाने के प्रयास हो सकते हैं, लेकिन उसकी बुनियाद तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता होनी चाहिए। आमजन तक प्रमाणिक सूचना पहुंचाना पत्रकारिता का मूल दायित्व है।
वरिष्ठ पत्रकार बीडी शर्मा ने समाचारों के प्रकाशन से पहले तथ्य-जांच और सत्यापन पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारिता को परजीवी प्रवृत्ति से बचाकर स्वतंत्र एवं मौलिक चिंतन को बढ़ावा देना जरूरी है।
गिरिधर गोपाल लुथरा ने संवेदनशील मामलों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि अपुष्ट खबरें समाज में नकारात्मक प्रभाव पैदा कर सकती हैं।
वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, इसलिए आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में समाचारों की पुष्टि और सटीक सूचना प्रसारित करना विशेष रूप से जरूरी है। पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को सरकार, समाज और विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन कायम करते हुए जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाना चाहिए।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में सूचनाओं की बाढ़ और त्वरित प्रसार के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। इसके लिए तथ्य-जांच, भाषा की मर्यादा, सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, प्रेम पंचौली, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अमित नेगी, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण, राहुल शर्मा, भुवनेश थपलियाल, सोहनवीर सिंह धीरवान, मुकेश कुमार, मानव डोभाल, आकाश सिंह, जसपाल राणा सहित अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र नेगी एवं जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सार: गोष्ठी में स्पष्ट संदेश रहा कि सनसनी से अधिक महत्वपूर्ण सत्य, निष्पक्षता और जनविश्वास है। लोकतंत्र में पत्रकारिता की सार्थकता तभी बनी रह सकती है, जब मीडिया जनसमस्याओं को आवाज देने के साथ शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने और समाज को सही सूचना देने की जिम्मेदारी निभाए।






