हथौड़े का वार बना मौत की वजह, चंबल पुल पर बोतल से हमला, चार आरोपी दबोचे गए

देहरादून जिले के रानीपोखरी थाना क्षेत्र में 26 फरवरी को नीम करौली मंदिर के पास हुए सनसनीखेज हत्याकांड से उठे सवालों पर पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। इस मामले में बिहार निवासी पप्पू साहनी को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में उसने बबलू के सिर पर हथौड़ा दे मारा, जिससे उसकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की और टीमों का गठन किया। 28 फरवरी को पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से वह हथौड़ा भी बरामद हुआ है, जिससे वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले का खुलासा करते हुए सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई है, जो हिंसक झगड़े में बदल गया।

 

इधर नैनीताल जिले के काठगोदाम थाना क्षेत्र में भी जानलेवा हमले का मामला सामने आया। चंबल पुल के पास युवक के गले पर कांच की बोतल से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

आवास विकास कॉलोनी हल्द्वानी निवासी नारायण सिंह धामी ने तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र को पुराने विवाद के चलते देर रात चंबल पुल के पास विजय मेहरा, लोकपाल और भास्कर गंगोला समेत अन्य लोगों ने घेरकर हमला किया। घायल युवक का इलाज हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया और टीमों का गठन किया। कार्रवाई के दौरान भास्कर गंगोला (31 वर्ष), विजय सिंह मेहरा (32 वर्ष) और लोकपाल सिंह मेहरा (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर कांच की बोतल और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई है।

 

दो अलग-अलग जिलों में हुई इन घटनाओं के खुलासे के साथ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून से बच निकलना आसान नहीं।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts