मालदेवता में तेज रफ्तार डंपर का कहर, 17 वर्षीय किशोर की मौत के बाद सड़क जाम

देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मालदेवता के समीप शेरकी गांव में एक तेज गति से आ रहे डंपर की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मालदेवता रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेरकी गांव निवासी 17 वर्षीय शिवांशु रविवार रात अपने घर के नजदीक पैदल जा रहा था। इसी दौरान मालदेवता की ओर बढ़ रहे एक डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत वहां से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। सूचना पर थाना रायपुर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद देर रात जाम समाप्त कराया जा सका।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इससे पहले भी भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे हो चुके हैं। संबंधित विभागों को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने अवैध खनन और बेकाबू रफ्तार से दौड़ रहे भारी वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सीओ रायपुर रीना राठौड़ ने बताया कि रविवार रात मालदेवता क्षेत्र में शेरकी गांव से मालदेवता की ओर जा रहे एक डंपर की चपेट में आने से एक किशोर की मृत्यु हुई। सूचना मिलते ही थाना रायपुर से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज और अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts