ब्रेकअप का बवाल! देहरादून में प्रेमी-प्रेमिका के बीच चाकूबाजी, दोनों लहूलुहान

राजधानी देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि छात्र और छात्रा ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

 

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक-युवती के बीच किसी बात को लेकर पहले बहस हुई थी। कुछ ही देर में यह बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर युवती ने युवक पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और युवक ने भी पलटवार करते हुए युवती को चाकू मार दिया। इस घटना में दोनों को गंभीर चोटें आईं।

 

घटना की सूचना वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही निजी विश्वविद्यालय में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और क्लेमेंटाउन क्षेत्र के ओगल भट्ठे के पास अलग-अलग निजी हॉस्टलों में रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।

 

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में युवक को यह जानकारी मिली थी कि युवती किसी अन्य युवक के संपर्क में भी है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

 

घटना की जानकारी मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और कुछ ही देर बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने आसपास मौजूद छात्रों से पूछताछ भी की है। घायल युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि युवती देहरादून के रायपुर क्षेत्र की निवासी है।

 

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक एंबुलेंस पहले से मौजूद थी। मौके पर जानकारी करने पर पता चला कि दोनों घायल युवक और युवती क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और उनके बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।

 

उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क में आने की बात सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts