देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 5 वाहन आपस में भिड़े; 2 की मौत, 9 घायल

देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 5 वाहन आपस में भिड़े; 2 की मौत, 9 घायल

देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायवाला थाना क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के पास कई वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग 9:45 बजे देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस (UK04PA1678) मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो बस से भिड़ गई। इसके बाद दुर्घटनाओं की कड़ी बढ़ती चली गई और स्कॉर्पियो के पीछे आ रहा लोडेड ट्रक (HR46E0605) तथा महिंद्रा XUV 3XO (UK07HC5084) भी एक-दूसरे से टकरा गए। कुछ ही पलों में पांचों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में धमाके की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग भड़क उठी और दोनों वाहन जलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित किया गया।

हादसे के कारण फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया। इस दुर्घटना में बिजनौर के नजीबाबाद क्षेत्र के भोगपुर निवासी 30 वर्षीय कुसुम और 40 वर्षीय सचिन की मौत हो गई। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर देहरादून के झंडा मेले से अपने घर लौट रहे थे।

इस हादसे में गुलशन (11), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लबी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6) और दिव्यांशु (8) घायल हो गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि यातायात सामान्य हो सके। साथ ही पूरे मामले की जांच भी की जा रही है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts