उत्तराखंड में LPG को लेकर अफवाहों पर सख्ती, कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग करने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा

देहरादून/रुद्रपुर: उत्तराखंड में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसी भी तरह की कमी नहीं है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कालाबाजारी करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव को लेकर देश के कई हिस्सों में गैस आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चाएं सामने आई हैं। इसी बीच उत्तराखंड में भी कुछ लोग सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाह फैला रहे हैं। इस पर देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी और अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।

इधर, होटल और रेस्टोरेंट में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की वजह से कुछ स्थानों पर घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं। इसे रोकने के लिए जिला पूर्ति विभाग और प्रशासन की टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं।

देहरादून के जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल के मुताबिक, एसडीएम स्तर पर अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो गैस एजेंसियों के स्टॉक की जांच कर रही हैं। इसके अलावा उन होटलों और रेस्टोरेंट्स पर भी कार्रवाई की जा रही है जो नियमों के विपरीत घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

वहीं, एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए गैस संकट की भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। यदि कोई व्यक्ति कालाबाजारी करता है या ऐसी अफवाह फैलाता है जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होती है, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

उधर, उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का मामला भी सामने आया है। रामजीवनपुर गांव में प्रशासन ने छापेमारी कर एक दुकान से बड़ी संख्या में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। मौके से एक युवक को हिरासत में लिया गया है।

गदरपुर की उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह के अनुसार, सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापा मारा। जांच के दौरान अवैध गैस रिफिलिंग की किट और कई सिलेंडर बरामद किए गए। पकड़े गए युवक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts