बागेश्वर/रामनगर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा कपकोट क्षेत्र में रिखाड़ी–पतियासार के पास हुआ, जहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो (UK 02 TA 3078) में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया था। बाद में एसडीआरएफ कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर दोनों मृतकों के शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया।
घायलों का फिलहाल उपचार चल रहा है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है और परिजन व रिश्तेदार उन्हें सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं। कपकोट पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी ओर, नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में भी एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। कोटाबाग मार्ग पर बैलपड़ाव के पास पवलगढ़ क्षेत्र में कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कार में फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को संभाला और पुलिस तथा 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से युवक को रामनगर के संयुक्त अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।




