देहरादून। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण दुनिया भर में पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। भारत में भी रसोई गैस को लेकर अफवाहों का असर देखने को मिल रहा है और कई जगह गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। हालांकि केंद्र सरकार और उत्तराखंड सरकार लगातार स्पष्ट कर चुकी हैं कि घरेलू गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद अफवाहों के चलते लोग घबराहट में सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं। इसी बीच जिला प्रशासन भी विभिन्न जिलों में गैस एजेंसियों की जांच कर रहा है।
इसी क्रम में ऋषिकेश में प्रशासन की जांच के दौरान गैस सिलिंडरों से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
देहरादून जिले के ऋषिकेश क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गैस एजेंसियों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंटों में भी व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध तरीके से गैस सिलिंडर रिफिलिंग किए जाने का खुलासा हुआ। मामले में एक युवक को मौके से हिरासत में लेकर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
घरेलू सिलिंडरों से गैस निकालते पकड़ा गया युवक
SDM ऋषिकेश योगेश मेहरा, सीओ नीरज सेमवाल और पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की टीम ने खदरी खड़क माफ क्षेत्र में स्थित आशुतोष गैस एजेंसी के डिस्ट्रीब्यूशन वाहन की जांच की। जांच के दौरान बिना नंबर के एक वाहन में बैठे अमन चौहान नाम के युवक को भरे हुए घरेलू सिलिंडरों से गैस निकालकर खाली सिलिंडरों में भरते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मौके से अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
वाहन से 37 सिलिंडर बरामद
तलाशी के दौरान वाहन से 7 खाली और 30 भरे हुए गैस सिलिंडर बरामद हुए। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन चौहान को हिरासत में ले लिया। पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर थाना ऋषिकेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया है, जबकि सुरक्षा के लिहाज से सभी सिलिंडर जब्त कर अंकुर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिए गए हैं।
एजेंसियों को दिए गए सख्त निर्देश
SDM योगेश मेहरा ने स्पष्ट कहा कि घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी या व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि यदि तकनीकी कारणों से सर्वर बंद हो जाए तो भी उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ऑफलाइन माध्यम से गैस बुकिंग की व्यवस्था जारी रखी जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।




