Dehradun Firing Case: Genz Bar गोलीकांड और मौत मामले में अब सब-इंस्पेक्टर निलंबित

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा एक्शन लिया है।

सीएम ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है।

दो अधिकारी तत्काल निलंबित

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही और कानून-व्यवस्था बिगड़ने के चलते की गई है।

इससे पहले सुबह में हम आपको खबर दिखा चुके है जिसमें क्षेत्र-3 मसूरी के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को निलंबित किया जा चुका हैं। खबर यहां पढ़े:Dehradun Firing Case: Genz Bar गोलीकांड और मौत मामले में अधिकारी सस्पेंड

पूरे प्रदेश में चेकिंग अभियान

सीएम धामी ने पुलिस और प्रशासन को पूरे उत्तराखंड में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही, हुड़दंगियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?

देहरादून में नाइट क्लब के झगड़े के बाद कल सुबह फायरिंग में 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने मसूरी रोड स्थित जेन जी क्लब को सील करने के साथ ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही क्लब का लाइसेंस रद्द करने के लिए डीएम को सिफारिश भेजी गई है।

ये भी पढ़े : Dehradun Firing News: मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत। ओवरटेकिंग विवाद से चली गोली

घटना राजपुर रोड के पास सिनोला और जौहरी गांव के बीच हुई। ब्रिगेडियर जोशी रोज की तरह सुबह 6:39 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।

इसी दौरान दो कारों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसके टायरों पर 8 से 9 राउंड फायरिंग की।

इसी दौरान एक गोली ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

गंभीर रूप से घायल ब्रिगेडियर को तुरंत मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि मालसी के पास शुरू हुआ विवाद ओवरटेक का नहीं, बल्कि 29 मार्च की रात बिल के पैसों को लेकर हुआ था।

फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो सवारों से पूछताछ में पता चला कि दोनों पक्ष दोषी थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और अलग-अलग टीमों का गठन किया।

सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार, मोहन गार्डन उत्तम नगर दिल्ली (20 वर्ष), निखिल मल्होत्रा पुत्र धर्मवीर मल्होत्रा, विकासपुरी दिल्ली (23 वर्ष), संदीप कुमार पुत्र जगदीश सिंह, अमन कॉलोनी नजफगढ़, दिल्ली (43 वर्ष) और आदित्य चौधरी पुत्र अंकुर चौधरी मुखर्जी नगर, दिल्ली (20 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (315 और 32 बोर), जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक स्कॉर्पियो वाहन (बिना नंबर प्लेट) बरामद किया। इसके अलावा, दोनों पक्षों की कारें भी पुलिस के कब्जे में ले ली गई हैं।

क्लब करीब ढाई बजे तक खुला था। विवाद में शामिल चार में से तीन स्टूडेंट क्लब के मालिक हैं। सभी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।

पुलिस ने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, पुलिस ने चेतावनी दी है कि अब से निर्धारित समय के बाद किसी भी नाईट क्लब के खुलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts